BREAKING रायगढ़: घरघोड़ा नगर पंचायत उपाध्यक्ष कांग्रेस से ‘अंततः’ निलंबित
खबरची डेस्क,रायगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बड़ी कार्यवाही करते हुए घरघोड़ा नगर पंचायत के उपाध्यक्ष को पार्टी सदस्यता से अंततः निलंबित कर ही दिया गया है। दो साल पहले घरघोड़ा में हुए सियासी घमासान ने अब जाकर नया मोड़ ले लिया है। नगर पंचायत घरघोड़ा में कांग्रेस के पक्ष में बहुमत होने के बावजूद अध्यक्ष बीजेपी का बनने के मामले ने अब पार्टी कार्यवाही का रुख कर लिया। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध काम करने को लेकर नगर पंचायत उपाध्यक्ष उस्मान बेग को पार्टी की सदस्यता से निलंबित कर दिया गया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम के आदेश पर प्रभारी महामंत्री की ओर से निलंबन का आदेश जारी किया है। मामले को लेकर घरघोड़ा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा ने
‘खबरची’ को बताया कि विधायक लालजीत सिंह राठिया के साथ ब्लॉक कांग्रेस की ओर से भी कार्यवाही करने पत्र लिखा गया था।
गौरतलब हो कि नगर पंचायत घरघोड़ा में कांग्रेस का बहुमत होने के बाद भी बीजेपी का अध्यक्ष निर्वाचित हो गया था। इस मामले में अब दो साल के बाद कार्यवाही हुई जरूर है लेकिन इतनी देरी को लेकर भी पार्टी के भीतर की स्थिति समझी जा सकती है।