रायगढ़ का बच्चा–बच्चा आज जय श्रीराम बोलेगा...वर्धा का मशहूर ढोल आ रहा, पूरा शहर राम के नाम से सजा
रायगढ़। यूं तो धार्मिक भावना अपने हिसाब से असर छोड़ती है लेकिन जब बात भगवान श्रीराम की हो तो पूरा रायगढ़ शहर एक माला में पिरोया हुआ दिखाई देता है। कुछ ऐसा ही नजारा बना हुआ है गुरुवार की रामनवमी के लिए जब शहर का लगभग इलाका राम के नाम से सज गया है।
पिछले 10 वर्षों से ऐतिहासिक तरीके से मनाए जाने वाली रामनवमी की तैयारी इस वर्ष भी रामभक्तों के लिए यादगार रहने वाली है। शहर के नटवर स्कूल मैदान से रामभक्तों का कारवां जय श्रीराम के उद्घोष के साथ निकलेगा और शहर के प्रमुख रास्तों से शोभा यात्रा गुजरते हुए रामलीला मैदान में समाप्त होगी। पिछले वर्ष से भी कहीं ज्यादा उम्दा इस साल की रामनवमी होने जा रही है।
वर्धा का मशहूर ढोल जमकर बजेगा
रायगढ़ शहर की याद की जाने वाली रामनवमी की शोभायात्रा में इस मर्तबा वर्धा महाराष्ट्र का मशहूर ढोल शान बढ़ाने जा रहा है। रायगढ़ की रामनवमी में हर वर्ष कुछ न कुछ आकर्षण रहता ही है और वर्धा के यह ढोल के खनकने का अब इंतजार है।
रामभक्तों की निकली भव्य बाइक रैली
आज गुरुवार की शाम रामनवमी की शोभायात्रा से पहले बीते दिन शहर के नटवर स्कूल से रामभक्तों की बाइक रैली ने दो दिवसीय इस आयोजन में समां बांध दिया। शहर में अनगिनत बाइक्स पर सवार रामभक्त जय जय श्रीराम के उद्घोष के साथ निकले तो रामनवमी की तैयारी का औपचारिक आगाज हो गया।
हर चौक–रास्ते श्रीराम के साथ सजे
शहर में जिन रास्तों से भव्य शोभायात्रा निकाली जाने हैं उन रास्तों पर तो भगवा तोरण और होर्डिंग फ्लैक्स से रास्ते पटे हुए हैं लेकिन जहां से शोभा यात्रा नहीं भी गुजरनी है वहां भी रामभक्तों का धार्मिक ज्वार उबाल मार रहा है। चौक चौराहों पर भगवा रंग रामनवमी की शान बढ़ा रहा है।
रामलीला मैदान में भजन संध्या का आयोजन
शहर के लगभग मुख्य मार्गों से होते हुए रामनवमी की शोभा यात्रा का समापन रामलीला मैदान में किया जाएगा जहां रामभक्तों के लिए भंडारे के साथ ही देवेश और राकेश शर्मा के साथ अन्य कलाकारों के मधुर भजनों की संध्या भी इस रामनवमी की अलग पहचान। होगी। रामलीला मैदान हर वर्ष रामनवमी का साक्षी बनता रहा है।
पटाखे गुलाल का होगा फायर शो
रामनवमी के ऐतिहासिक आयोजन के लिए इस साल पटाखे गुलाल का फायर शो सबसे प्रमुख आकर्षण में एक रहेगा। शहर में स्टेशन के समीप बेटी बचाओ–बेटी बढ़ाओ चौक पर इस फायर शो का आयोजन किया है। शोभायात्रा में रामभक्तों में यह फायर शो अलग ऊर्जा का संचार करेगा।
शोभायात्रा के लिए सड़क डायवर्ट
रामनवमी हो और वह भी रायगढ़ शहर की हो तो सड़क पर रामभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ता है। नटवर स्कूल से निकल कर गोपी टॉकीज सुभाष चौक चांदनी चौक से हटरी चौक से रामलीला मैदान के रास्ते को गाड़ियों के लिए डायवर्ट किया गया है। शोभायात्रा के दौरान इस रास्ते की बजाय डायवर्ट रूट का उपयोग बेहतर होगा।