रायगढ़ में ‘काला’ शुक्रवार: 4 हादसे, 3 मौत, जिले में चारों तरफ सिर्फ सड़क दुर्घटना
खबरची डेस्क,रायगढ़। जिंदगी ‘सस्ती’ और मौत ‘आसान’ हो गई है अब रायगढ़ की तमाम सड़कों पर। पिछले कुछ महीनों में प्रशासन और पुलिस के नियंत्रण से बाहर हो चुके
सड़क हादसों ने आज ‘काला शुक्रवार’ बना दिया। रायगढ़ शहर के थाने क्षेत्र के साथ पूरे जिले में दिनभर में 4 हादसे और इसमें 3 मौत हुई है।
सुबह से आज सड़क दुर्घटना का सिलसिला शुरू हुआ तमनार क्षेत्र से जहां अदानी कोल माइंस के पास भारी वाहन की चपेट में आने से महिला की मौत हुई। ट्रेलर की चपेट में आई महिला की मौके पर ही मौत हो गई। अडानी कोल माइंस के पास सड़क में धूल का गुब्बार होने से लोगों का चलना दुभर हो चुका है और यहां मौत का सिलसिला शुरू हो चुका है। मृतिका का नाम सेतकुंवर बताया जा रहा है। बाईक में तीन लोग सवार थे जिसमें महिला की मौत हुई है वहीं दो अन्य घायल हैं।
ये भी पढ़िए...
✓
• लैलूंगा डबल मर्डर मामले में कल आर्थिक नाकेबंदी....
https://khabarchi.in/news/1341/raigarh-district-lailunga-double-murder-now-getting-seviour-protest-by-shopkeepers-as-they-will-shut-down-market-for-infinite-days
✓
• छग: 46 जजों को मिला प्रमोशन....
https://khabarchi.in/news/1342/Chattisgarh-lower-court-judges-been-promoted-as-senior-civil-judge-order-been-released-by-registrar-general-incharge-cg-highcourt
दूसरा हादसा हुआ चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के टारपाली गांव के पास जहां रेत लेकर जा रहे ट्रैक्टर ने एक व्यक्ति को अपना शिकार बना लिया। साइकिल से जा रहे ग्रामीण को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने जोरदार ठोकर मारकर चपेट में ले लिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चक्काजाम करने की कोशिश की लेकिन पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों को समझाया गया।
तीसरा हादसा हुआ चक्रधरनगर क्षेत्र में ही जहां भारी वाहन जिसमें कि कोयला लोड था उसने स्कूटी चालक को चपेट में ले लिया। संबलपुरी इलाके में तेज रफ्तार ट्रक जिसमें कि कोयला लोड था, उससे स्कूटी सवार को गंभीर चोट लगी। इधर मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया है।
चौथा हादसा, अभी शाम को रायगढ़–खरसिया नेशनल हाईवे पर हुआ जहां जोरापाली चौक पर डीजल लेकर जा रही टैंकर पिकअप वाहन की चपेट में आने से बाईक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के डुमरपाली के रहने वाले कृष्णकुमार साहू मृतक बताया जा रहा है। रफ्तार के कहर के कारण इस नए नेशनल हाईवे पर हुए हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। खरसिया जाने वाले इस नए नेशनल हाईवे पर आए दिन हो रहे हादसे की कड़ी में आज एक और हादसे के साथ मौत का मामला जुड़ गया।
आज दिनभर अबतक 4 हादसों में 3 की मौत होने के बाद ‘काला शुक्रवार’ तो आज बन गया लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि
आखिरकार इन मौत को रोकने प्रशासन कर क्या रहा है? रोजाना सभी सड़क खून से लाल हो रही है और हादसों को रोकने के लिए कमरों में सिर्फ मीटिंग कर खानापूर्ति की जा रही है। मैदानी तौर पर हादसों को रोकने के लिए कोई पहल नहीं हो रही है।
रायगढ़ में जिंदगी ‘सस्ती’ और मौत ‘आसान’ हो गई है।